आजकल कुछ लिखने का मन नहीं करता। मान लो कि मैंने दो-चार कहानियाँ और लिख दीं तो क्या उनसे दुनिया बदल जाएगी? कल शुक्रवार है और मैं पिछले चार दिन से अपने कमरे में बीमार पड़ा हूँ। इन दिनों मुझे भूख नहीं लगती और इसमें एक बात अच्छी भी है कि पैसे कम खर्च होते हैं। मुझे पैसों की सख़्त ज़रूरत है और यदि मैं कहूँ कि इस कहानी को पढ़ने वाला हर व्यक्ति - यदि यह कहानी है, तो - मुझे पचास रुपए ही दे दे तो आप तुरंत यह ब्लॉग बन्द कर देंगे और कभी इधर नहीं लौटेंगे और यह तब, जब पचास रुपए तो अठन्नी जितने अर्थहीन हो गए हैं। इसीलिए मेरा मन करता है कि मैं इस कहानी को यहीं छोड़ दूँ। आखिर क्यों लिखूँ मैं और किसके लिए? क्या इससे बेहतर यह नहीं होगा कि इतने समय में मैं भी आपकी तरह ऐसा कोई काम कर लूँ जिससे ख़ूब सारा पैसा कमाया जा सके? मैं कहानी लिख दूँगा और आप पढ़ लेंगे और फिर कुछ देर बाद शायद भूल भी जाएँगे। भूले नहीं भी तो क्या आपका याद रखना मेरी बीमारी ठीक कर देगा? मैं किसी दिन भूखा मर रहा होऊँगा तो क्या आपका वह अहसान से लदा याद रखना मेरा पेट भर देगा?
अरे..नहीं नहीं। ख़ुश मत होइए और न ही सहानुभूति जताइए। मैं आपसे कुछ माँग नहीं रहा हूँ। मैं बस इतना कहना चाहता हूँ कि हालात ही कुछ ऐसे हो गए हैं कि मुझे अपने पाठकों से ही चिढ़ होती है। मैं इसे चाहकर भी आपसे नहीं छिपा सकता। इसमें मेरा नुक्सान ही नुक्सान है और मैं अपनी बीमारी के साथ साथ इस ताज़ी पैदा हुई नफ़रत से भी जूझ रहा हूँ। मैं आत्मघाती क़िस्म का इंसान हूँ और अपनी इस प्रवृत्ति से मुझे डर भी लगता है।
मैं नहीं जानता कि जितने महान लेखक हुए हैं, वे किस तरह से अपने आप को बरकरार रख पाए मगर मुझे कुछ दिनों के लिए लगने लगा है कि लेखक होना अपने आप के साथ किया गया सबसे बड़ा अन्याय है। यह तमाशबीनों के बीच मुफ़्त में घंटों नाचने जैसा है और यदि आप अपनी आत्मा इसमें झोंक देते हैं तो यह आत्महत्या है।
मेरे प्रिय कवियों में से एक शिव कुमार बटालवी ने एक बार कहा था कि यह संसार ही ऐसा है, जिसमें बुद्धिजीवियों को धीरे धीरे नष्ट होते जाना है। वे अपनी जवानी में ही मर गए, मेरे पसंदीदा गुरुदत्त की तरह।
हर सुबह के सपने में मैं चाहता हूँ कि अचानक पता चले कि यह ज़िन्दगी एक बुरा सपना थी, जो टूट गया। धूप जब आती है तो मैं अकेला होता हूँ।
बाहर उम्मीदों के हरे पौधे हैं। मैं रोज़ तुम्हें देखते हुए जगना चाहता हूँ। क्या तुम पढ़ रही हो?
आप क्या कहना चाहेंगे? (Click here if you are not on Facebook)
जो दिल में आए, कहें।
Post a Comment