बोधिसत्व जी की कविताएँ मुझे काफ़ी पसन्द हैं। कल उनसे भी अपने ब्लॉग पर कोई नई कविता छापने की गुहार लगाई है। वे जब तक मेरी गुहार सुनें, तब तक मेरा मन किया कि मैं अपनी पसंद की उनकी कोई कविता छाप दूं। (हालांकि आइडिया नंदिनी जी का था, लेकिन मेरा चुराने का मन किया तो साभार चुरा रहा हूं, आशा है नंदिनी जी को कोई आपत्ति नहीं होगी। )
मैंने उनकी 'हम जो नदियों का संगम हैं' पढ़ी है। बोधिसत्व जी ने माँ, पिता, दीदी सब रिश्तों पर बहुत अच्छा लिखा है। स्त्री पर यह कविता उसी किताब में 'श्रंगारदान में धूल' नाम से है। मेरे विचार से नाम कुछ और भी रखा जा सकता था। लेकिन जो भी है, कविता बहुत गहरी है। मैं कई बार पढ़ चुका हूं। बोधिसत्व की कविता जाननी हो तो आप भी इस कविता को जरूर पढ़ें।
और हाँ, हाथ जोड़ कर अनुरोध है कि इसे किसी महत्वाकांक्षी युवा कवि/ब्लॉगर की कोई महत्वाकांक्षी चाल न समझा जाए। मेरा मन सिर्फ कविता पढ़ने का था तो सोचा कि क्यों न सबको पढ़वा दी जाए।
श्रंगारदान में धूल
1
वह स्त्री अपने घर का रास्ता
भूल गई थी।
वह चाहती थी कि
बच्चों और सूर्य के जागने के पहले
वह चूल्हे तक पहुँच जाए।
पर वह घर का रास्ता
भूली ही रही।
उसे घर तक
पहुँचने के लिए
वैतरणी पार करनी थी
उसे पता था
बगैर घर के स्त्रियाँ
जंगल होती हैं,
मेघ, बसंत, फूल होती हैं
नदी होती हैं, आँख होती हैं
यौवन होती हैं
और उसे पता था
बगैर घर के स्त्रियाँ
कुछ भी नहीं होतीं।
घर तक पहुँचने के लिए
वह वैतरणी में नाव चलाना चाहती थी
वह नाव की खोज में
जंगल तक गई
जहाँ पत्ते झर रहे थे
और एक दूसरी स्त्री
(हिरनी की तरह घायल थी जो)
अपने शिकारी के लिए रो रही थी।
वह स्त्री जंगल में थी
तभी अपनी आँखों में रक्तस्राव धारण किए
सूर्य उगा
उस स्त्री के बच्चे
शिकार करने चले गए
और वह जंगल में
हिरनी की तरह रहने लगी।
2
वह स्त्री जहाँ रहती थी
वहाँ स्त्रियों को
अपना मार्ग जानने और चुनने का
हक नहीं था।
दरअसल वहाँ लोग मानते थे कि
स्त्रियाँ अपना मार्ग
तय नहीं कर सकतीं
क्योंकि उन्हें अपने रास्ते से अधिक
अपने गर्भ का ख़याल रहता है।
वह स्त्री जहाँ रहती थी
वहाँ स्त्रियों का कहीं
कोई घर नहीं होता था
बल्कि स्त्रियाँ ही घर होती थीं
जिनमें रहते थे लोग
उनसे निर्लिप्त
और वह थी कि
घर की खोज में थी लगातार।
वह घर खोजती थी
और किले में पहुँच जाती थी
जहाँ असंख्य स्त्रियाँ थीं
अपने अनुपम दुखों पर मोहित
अपनी संरचना पर प्रसन्न
अपने बादलों से हीन
अपने घर से परे।
वह स्त्री चाँद को
नदी में झाँककर और सूर्य को
खेत में से देखना चाहती थी
पर उसे समझाया गया कि
चाँद आँगन से और सूर्य
घूंघट से अच्छा लगता है।
3
उस स्त्री के बच्चों ने उसे बहुत खोजा
उन्होंने नदियाँ खंगाल डालीं
खेतों को रौंद डाला
घरों को युद्ध-भूमि बना दिया
और कवियों ने उसे
रास्ता दिखाने के लिए कविताएँ लिखीं
गलदश्रु भावुकता से भरपूर
वे उसके विलाप और हँसी में
अंतर करते रहे।
4
बाद में
उस स्त्री के घर की धूल को
किसी स्त्री ने
अपने श्रंगारदान में रख लिया।
| [+/-] |
बोधिसत्व की एक स्त्री कविता |
| [+/-] |
इससे पहले कि शराब पीना खो दे अपनी अश्लीलता |
इससे पहले कि
शराब पीना
खो दे अपनी अश्लीलता
और आम हो जाए
क्रिकेट खेलने की तरह,
उसे लगने लगा है कि
उसे शुरु कर देनी चाहिए शराब।
उसने चुन ली है नीली दीवार,
उस पर लेटकर
वह खेल रहा है ‘चिड़िया उड़’,
उसे प्रेम हो गया है चिड़िया से,
वह खेल रहा है
’मत उड़ चिड़िया’,
चिड़िया को पसंद है
लाल तिनकों का घोंसला
जैसे उसे पसन्द हैं कविताएँ
या उसके पिता को पसन्द है
चाय सुड़कते हुए अख़बार पढ़ना।
यह हज़ारवीं बार है
जब वह लालकिले की एक दीवार पर
दिल बनाकर
पेंसिल से कुरेद आया है
तीर का निशान।
एक लड़की ने फूल से कहा है
कि हँस रही है वह,
फूल मुरझा गया है।
ट्रेन में हो रही है तलाशी
लालकिले पर हमला करने वाले
आतंकवादियों के लिए,
उसके पास नहीं है टिकट,
वह रो रहा है,
डिब्बे में लगा है एक शामियाना
लाल रंग का,
चिड़िया को पसंद था
लाल कालीन,
बंजी जंपिंग
और रॉक क्लाइम्बिंग।
पहाड़ों पर मुट्ठियाँ धँसाकर चढ़ती
चिड़िया के लिए
रो रहा है वह,
किसी ने आकर उसकी आँख में
रख दी है लड़की,
चिड़िया का पंख
और आँख भर तौलिये।
उसके पिता कल परसों में
दायर करने वाले हैं
ज़िला कोर्ट में अपील
कि प्रतिबन्ध लगा दिया जाए
नीले दुख वाली कविताओं पर।
और इससे पहले कि
वह अपने कबाड़ वाले कमरे में
किसी रात गिरफ़्तार कर लिया जाए
अश्लील उदास कविताएँ लिखते हुए,
ज़िन्दा रहने की आखिरी संभावना
को अवसर देने के लिए
उसे लगने लगा है कि
उसे जल्दी शुरु कर देनी चाहिए शराब।
| [+/-] |
श्रीनगर की एक मस्ज़िद में मैं पढ़ना चाह रहा हूं गायत्री-मंत्र |
श्रीनगर की एक मस्ज़िद में
मैं पढ़ना चाह रहा हूं
गायत्री-मंत्र
जोर जोर से चिल्लाकर।
रात बहुत हो गई है,
खड़खड़ा रहा है
किसी का टाइपराइटर,
आसमान में गूँज रहे हैं
लाल, नीले, पीले सायरन
और टाइपराइटर की उंगलियाँ
खड़खड़ा नहीं रही,
कूक रही हैं,
मैं अपने कान उतारकर
चिपका देता हूं उस खिड़की पर
जिसके दूसरी तरफ़
एक माँ ने मीठा दूध लाकर दिया है
टाइपराइटर वाले लड़के को,
रुक गई हैं उंगलियाँ,
कोयलें प्यार कर रही हैं
फ़ुर्सत पाकर,
और मैं बेकन्ना होकर
जब उस गली की एक अपाहिज दुकान पर
माँगता हूं कश्मीरी चाय
तो चाँद की लौ
लपलपाकर बुझने को होती है,
मुझ पर तन जाती हैं संगीनें,
मुझे नहीं दी जाती चाय
क्योंकि उन्होंने कह दिया है
कि मुझे नहीं दी जानी चाहिए।
छप छप छपाक
कोई कूदता है
एक गहरी चोटी से
ऊँची खाई में,
उसके पीछे भाग रहे थे
हरे पत्ते पहने हुए
पहाड़ी जामुनों के रस से सने
चार फौज़ी।
मेरा मन है कि
मुझे देखना है फैशन टी.वी.,
उसे देखते हुए
मुझे बुदबुदाना है गायत्री मंत्र,
मुझे पीनी है
चार कप कश्मीरी चाय,
मुझे रात के बारह बजे
पिंक फ़्लॉयड के ‘हाई होप्स’ को
लाउड स्पीकर पर गाना है
और लावारिस होकर
स्टेशन की बेंच पर
सुबह दस बजे तक सोना है,
मुझे जूते पहनकर करनी है
मन्दिर में पूजा,
लेटकर देर तक पढ़नी है
अपने भगवान की नमाज़,
मेरा मन है कि
देवदार के पत्तों पर
अपनी खोई हुई प्रेमिका के नाम
एक कविता लिखकर
डल में बहा दूं,
मेरा मन है कि
दिल्ली के किसी अख़बार के
शिकायती कॉलम के लिए
छोटी सी चिट्ठी भेजूं
कि मेरी दीवार के उधर वाले घर में
पिछले हफ़्ते किए हैं
उन्हीं हरे-जामुनी फ़ौजियों ने
चार निर्मम बलात्कार।
मैं नहीं जानता
कि कहाँ है दिल्ली,
जानना भी नहीं है मुझे,
मैं बस अपना शहर
अपनी तितलियों की चोंच में छिपाकर
कहीं दूर भाग जाना चाहता हूं।
भाग रहा हूं मैं
निहत्था,
छप छप छपाक...
मेरे पीछे भाग रहे थे
हरे पत्ते, पहाड़ी जामुनों वाले
चार फ़ौजी।
मेरे कान भीग गए हैं
रात की बारिश में,
वह लड़का ऊँघने लगा है,
उसकी माँ लाई है
कश्मीरी पत्तियों की चाय,
मेरे कान धड़क रहे हैं,
मेरे कान मुस्कुरा रहे हैं,
खिड़की के उस पार
अभी कूक रहा है टाइपराइटर
मेरे शहर में।
| [+/-] |
बालकनी की पीठ से पीठ टिकाकर नाखून काटती हुई लड़की के लिए |
जिन जिनको ऐतराज़ है
सुबह देर से जगने पर
और जो सूरज चढ़ने से पहले ही
बेवक़्त झिंझोड़कर जगाते हैं किसी को,
उन सबमें आकर बैठ गई है मेरी माँ
उतनी ही सहजता से
जैसे तुम नाखून काटती हुई अक्सर
बालकनी की पीठ से
अपनी पीठ टिकाकर बैठ जाती हो।
तुम्हारे कमरे में खुलती है ना
बालकनी की पीठ?
जैसे मेरे कमरे में खुलता है
जलती अंगीठी का दरवाज़ा।
किसी ने भरी हुई दवात
उड़ेल दी है
तुम्हारी स्कर्ट पर,
तुम्हारा रोना
मेरी शर्ट की जेब से
भीतर को रिस रहा है,
मैंने अंगीठी में फूंक दिया है
खाली दवात के हाथ का चेहरा,
कोई जल रहा है,
मर गई है दवात।
सब देख रहे हैं ‘चन्द्रकांता’।
कोई है दरवाज़े पर,
तुम हो,
तुम माँगती हो चीनी।
तुम माँगती हो चीनी मुझसे
गोल कटोरी देकर,
मैं रख देता हूं उसमें
गोल चाँद की उपमा,
तुम्हारे हाथ की रोटियों के
गोल-गोल सपने,
गोल जंगल में हमारी
गोल झोंपड़ी...
नाराज़ हो जाती हो तुम,
ज़िद करने लगती हो
कि तुम्हें जाना है चीनी लेकर जल्दी।
नहीं,
गोल जंगल में मत रहो पर
तुम मत जाओ।
गोलकुंडा सही, गोलबाज़ार सही, गोलपथ सही,
गोलछा सिनेमा सही...
तुम लौटने लगती हो तेजी से,
मत जाओ,
रुको तुम,
तुम जो भी कहो,
गोल नर्क, गोल कुँआ, गोल मौत,
कुछ भी दो, मगर जाओ नहीं।
तुम बाहर नाली में
फेंक जाती हो
गोल चाँद, गोल रोटियाँ....
सब देख रहे हैं ‘चन्द्रकांता’।
सुना है,
कल पड़ोस में किसी ने कर ली
आत्महत्या।
जानती हो,
जो भी मर रहे हैं
या मरने वाले हैं जल्दी
आज कल परसों में,
दीमकों की तरह
सबको खाए जा रही है
छोड़कर गई प्रेमिकाएँ।
दुनिया के बाकी दुख, दर्द
बकवास हैं,
बहाने हैं सब।
| [+/-] |
परेशान है ज़माना |
वे, जो चाँद पर रहते थे
या मंगल, बृहस्पति, शनि पर कहीं
या धरती की गहरी कोख में
बसाए हुए थे अपने शहर
या तब थे धरती पर
जब सुनते थे कि
सब ग्रह और सूरज घूमते हैं
उसके चारों ओर।
वे, जो दिन रात नहीं घूम पाते
अपनी
या किसी और की धुरियों पर।
वे,
जो बहुत अतीत के हैं
या किसी अनिश्चित भविष्य के
लेकिन वर्तमान के नहीं हैं;
वे,
जिन्हें चिंघाड़ना आता है,
दहाड़ना आता है,
आता है
रात भर
कुत्तों के साथ विलाप करना
या आती हैं
किसी नई सदी की
मूक भाषाएं
लेकिन बोलना नहीं आता;
वे,
जिन्हें पसन्द नहीं हैं आवरण।
आदिम लोगों की तरह
या आने वाली पीढ़ियों की तरह
जो थूकते हैं
शरीर ढकने की परम्पराओं पर;
वे,
जो सनकी, बीमार, सिरफिरे हैं,
जो नियम ही नहीं समझ पाते
कि उन्हें मानें
या तोड़ सकें;
वे,
जो इतने लाइलाज़ हैं
कि अब तरस भी नहीं आता उन पर,
वे, जो तटस्थ नहीं हैं,
न ही हैं
किसी पक्ष में भी;
वे,
जो अड़ियल, खड़ूस, ज़िद्दी, पागल हैं
और रात रात भर
आसमान को गालियाँ बकते हैं,
वे हम सब
बेवकूफ़, बदतमीज़
या तो पहले के हैं
या कभी बाद के
लेकिन आज के नहीं हैं।
हम बदसूरत
जो गलत वक़्त पर
गलत ज़गह आ धमके हैं,
टाट पर लगे पैबन्द हैं।
हम ढके हुए हैं
आज के सारे सुराख
सिर्फ़ अपने दम पर
लेकिन मनहूस हैं,
इतना चिल्लाते हैं
कि छिपाए नहीं छिपते।
परेशान है ज़माना।
| [+/-] |
IIT वाले...भाग-2 |
पिछली पोस्ट को बहुत प्रशंसा मिली तो मुझे भी लगा कि अभी दुनिया में कुछ लोग हैं, जो आई आई टी के बारे में सुनना चाहते हैं। ये जब से इंडिया शाइन कर रहा है, तब से हमारे यहाँ के लोग जागरुक हुए हैं, नहीं तो कुछ साल पहले तक छोटे कस्बों में तो लोगों के लिए I I T और I T I बराबर ही था।
दो साल की हिला देने वाली मेहनत के बाद जब मेरा सेलेक्शन हुआ तो एक दोस्त की माताजी ने बहुत मासूमियत से पूछा – बेटा, इतनी दूर रुड़की में पढ़ने क्यों जा रहा है? यहाँ जयपुर- वैपुर में एडमिशन नहीं मिल रहा था क्या?
मैंने भी बहस नहीं की। कह दिया कि नहीं, मैं कहाँ आपके सुपुत्र जितना होनहार हो सकता हूं?
खैर, अब जब इज्जत मिलती है तो बहुत सारी बातें आसानी से भूल गया हूं। जो मेहनत के बावज़ूद यहाँ नहीं आ पाए होंगे, वे बहुत कुछ नहीं भूले होंगे।
IITians की एक खासियत है- अपने brand name को भुनाते बहुत अच्छे से हैं। जहाँ कहीं भी आर्थिक, सामाजिक या ‘भावात्मक’ लाभ मिल सकते हैं, अपने brand का फायदा उठाने से चूकते नहीं।
जैसे हमारे कैम्पस के आस पास जो रैस्टोरेंट हैं, IITians को खाने में कुछ छूट देते हैं, तो हम कभी कहना नहीं भूलते कि IIT वाला बिल लाना।
जैसे हम ट्रेन में सफ़र कर रहे हों और आसपास कुछ ‘अच्छी’ लड़कियाँ हों तो हम आपस में ऐसी चर्चा जरूर छेड़ देते हैं, जिसमें इस महान संस्थान का नाम बार बार आए। वैसे ज्यादातर लोग सफ़र के दौरान बड़े बड़े अक्षरों में IIT लिखी हुई टी शर्ट हमेशा पहनते हैं। इससे कोई न कोई बेचारा पूछ ही बैठता है कि IIT में हो क्या? और फिर सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है, मस्तक ऊँचा हो जाता है, होठों पर humble सी मुस्कुराहट आ जाती है इत्यादि इत्यादि...
ऊपर अच्छी लड़कियों की बात छिड़ी तो सोच रहा हूं कि हज़ारों लड़कों के दिल का दर्द कह ही दूं। हम सब सोचते हैं कि अब IIT में लड़कियों के लिए आरक्षण हो ही जाना चाहिए। बचपन से हिन्दी फ़िल्में देख देख के लगता था कि कॉलेज में ‘खम्भे जैसी खड़ी है’ टाइप गीत गाने का खूब माहौल होगा, लेकिन यहाँ तो सिर्फ़ खम्भों के बीच में बिजली का transmission कैसे होता है, इसी की बातें चलती रहीं। IIT में लड़कियों की घोर कमी है। मैं इस पोस्ट के माध्यम से सरकार तक अपनी यह व्यथा भी पहुँचाना चाहता हूं। यदि कोई पावर वाला व्यक्ति अथवा समाज-सुधारक अथवा नारी उत्थान कार्यकर्त्ता इसे पढ़ने की भूल करे तो इस दिशा में कुछ कदम जरूर उठाए ;)
‘चोखेरबाली’ वाले भी चाहें, तो कुछ मदद कर सकते हैं।
अपनी तो जैसे कटी, सो कटी, आने वाली पीढ़ी को युवावस्था में वानप्रस्थ की feeling ना आए।
खैर, मज़ाक की बात मज़ाक में उड़ा दीजिए। हम सब इस त्रासदी से चाहे कितने भी दुखी हों, किसी भी तरह के आरक्षण के सख्त खिलाफ़ हैं। इस मुद्दे पर इसे ही हमारा अंतिम बयान समझा जाए। हाँ, वह बात अलग है कि पिछले कुछ समय में OBC को आरक्षण दिए जाने के बाद देश भर में जो विरोध हुआ, उसमें IIT वाले सबसे कम सक्रिय रहे। इसका कारण मैं भी नहीं समझ पाया, लेकिन यह दुखद अवश्य था। दुर्भाग्यवश शायद हम उस स्तर पर पहुँच गए हैं, जहाँ हमें घटिया राजनीति, सुस्त प्रशासन और सोई हुई जनता, किसी से भी कोई फ़र्क नहीं पड़ता। अपने जीवन में यहाँ तक पहुंचने के लिए किए गए संघर्ष और मेहनत ने जाने अनजाने में हममें से अधिकांश को स्वकेन्द्रित और असंवेदनशील बना दिया है।यहाँ का पारदर्शी सिस्टम हमें भारत को सुधारने की नहीं, अमेरिकन ढंग से जीने की प्रेरणा देता है और हम बाहर के भ्रष्ट, अव्यवस्थित भारत में स्वयं को असहज महसूस करने लगते हैं। आश्चर्य नहीं कि ग्रेजुएट होने के बाद आई आई टी वाले अमेरिका की ओर आकर्षित क्यों होते हैं?
यह दुखद है, किंतु सत्य है।
| [+/-] |
मेरा 'about me' भी चुरा लिया गया |
यूं तो मैं इस तरह की बातों पर कभी पोस्ट नहीं लिखता, लेकिन अभिव्यक्ति की चोरी भी मुझसे बर्दाश्त नहीं होती। मेरी कविताओं को ऑर्कुट पे बहुत से लोगों ने अपने प्रोफ़ाइल में बहुत अधिकार के साथ अपनी कहकर टाँक लिया तो मैंने ध्यान नहीं दिया, न ही कुछ कहा। वही ईसा मसीह वाली बात याद आती रही कि ये नहीं जानते कि ये क्या कर रहे हैं, इसलिए इन्हें माफ़ कर दो। लेकिन कोई कब तक माफ़ करे?
मैं समझता था कि ब्लॉग विशेषकर हिन्दी ब्लॉग वही लिखते हैं, जिन्हें किसी भी तरह से अपने को अभिव्यक्त करने का माध्यम चाहिए होता है। मगर अभी गिरिराज जोशी जी ने बताया कि तुम्हारा जो पहले orkut पर about me था, वो किसी सज्जन(जिन्होंने अब अपनी भूल स्वीकार कर उसे हटा लिया है, इसलिए उनका नाम भी यहाँ से हटा दिया गया है) ने अपने ब्लॉग पर सबसे नीचे 'मेरे बारे में' कहकर बहुत शान से लगा रखा है। वैसे मैंने उन्हें भी लिख दिया है, मगर मैं अब तक आहत हूं कि क्या चुराकर अपने नाम से लिखते समय ज़रा भी शर्म अपने आप से नहीं आती?
हुज़ूर, आप अपनी 'छोटी सी दुनिया' में लड़की बनाना, प्रेगनेंट करना जैसी हिट्स बढ़ाने वाली चाहे कितनी भी पोस्ट लिखें और जिस तरह का नाम आप चाहते हैं, कमाएँ । मगर अपने बारे में तो अपने आप लिखें। मैं आशा करता हूं कि इस पोस्ट के बाद पश्चातापस्वरूप या फिर बात फैलने के परिणामस्वरूप वे अपना about me खुद लिखेंगे।
सोच रहा था कि कुछ अच्छा लिखूंगा, लेकिन ये फालतू की बात बीच में आ गई। अच्छा फिर कभी....
| [+/-] |
नन्हे नन्हे ख़्वाब |
सुना है
अरब के रेगिस्तानों में
नन्हे बच्चों को
ऊँटों पर बाँधकर
दौड़ाया जाता है।
यहाँ
हमारे यहाँ
सीलन भरी दिल की गलियों में
एक अनाथ
नन्हा सा ख़्वाब
अकेला दौड़ता है
जिसकी माँ
किसी और की माँ हो गई है अब
और किसी और की माँएं
किसी की माँएं नहीं होतीं,
खलनायिकाएं होती हैं।
उस ख़्वाब के पैरों में
छाले हैं
ऐसे, जैसे जन्म से उगे हों
तलवों पर।
उसे प्यास लगती है
तो आँखों की ओस
पी लेता है
और भूख लगती है
तो भी
पेट भर रो लेता है।
वह दौड़ता है अकेला
अपने कदमों में गूँजते हुए
और आहटें सुनकर
सब आ खड़े होते हैं
अपने दरवाजों, फाटकों पर।
सब गूंगे हैं
और बहुत हँसते हैं।
उस सीली गली के मोड़ पर
एक और वैसा ही
उज्जड़ सा अनाथ सपना
उसके साथ हो लेता है,
फिर गूंजते हैं दो रास्ते
चार पाँवों में।
आहटें बढ़ती हैं,
भूख भी
प्यास भी
और सब खलनायिकाएं सो गई हैं
भीतर वाले बन्द कमरों में
कुंडी चढ़ाकर।
निकल आते हैं
बहुत सारे बच्चे
घरों से अनाथ बनकर,
बोते हुए
अपनी एड़ियों में छाले।
ये नन्हे नन्हे ख़्वाब
बहुत रोते हैं
मगर बेशर्म
दौड़ते रहते हैं
चुप, उदास, नम सी गलियों में।
सुनते हैं
अरब में कहीं
एक ख़्वाब कभी
दौड़ते दौड़ते
ख़ुदा बन गया था।
| [+/-] |
चोरी का 'प्रीतम' |
1
जब वी मेट
ये इश्क़ हाय
Anggun’s frech song - Etre Una Femme (2004)
2
जब वी मेट
मौजां ही मौजां
‘Simarik’ by tarkan
3
जब वी मेट
आओ मीलों चलें
Peterpan’s song- DI Belakangku
4
रेस
पहली नज़र
2005 के एक हिट कोरियन सीरियल ‘delightful girl choon hyang’ का एक गीत
5
रेस
ज़रा ज़रा टच मी
Chinese song- deep within the bamboo groove by lee hom wang
(दम ददम दम भी ज्यों का त्यों उठाया गया J )
6
लाइफ़ इन ए मैट्रो
ओ मेरी जान
Amr diab’s song- ba’ed el layali(2002)
7
लाइफ़ इन ए मैट्रो
बातें कुछ अनकही
2005 के प्रसिद्ध कोरियन धारावाहिक ‘my name is kim sam soon’ का गीत ‘Ah reum dah’
8
गैंगस्टर
तू ही मेरी शब है
Oliver Shanti & Friends - Sacral Nirvana + wheat circles
9
गैंगस्टर
लम्हा लम्हा
वारिस बेग(1998) का गाना ‘कल शब देखा मैंने’
10
गैंगस्टर
भीगी भीगी
90 के दशक के बंगाली गीत ‘पृथिबा ता नाकि’ से ज्यों का त्यों बोल सहित
11
धूम
धूम मचा ले
Jesse cook’s ‘mario takes a walk’ (1998)
12
धूम
शिकदुम..कोई नहीं है कमरे में
सिकदिम- tarkan
13
वो लम्हे
चल चलें अपने घर
‘a world of our own’ by the band seekers(1965)
Lyrics भी बिल्कुल वही
14
वो लम्हे
या अली
Guitara’s ‘ya ghali’
15
वो लम्हे
क्या मुझे प्यार है
Peterpan’s tak bisakah
16
भूलभुलैया
हरे कृष्णा हरे राम
कोरियन ग्रुप JTL की 2001 में आई एलबम enter the dragon का गीत ‘my lecon’
17
प्यार के साइड इफैक्ट्स
पाप्पे, प्यार करके पछताया
पंजाबी लोकगायक आलम लोहार के गीत ‘मैं व्याह करके पछताया’ से प्रेरित
18
प्यार के साइड इफैक्ट्स
जाने क्या चाहे मन बावरा
हादिक़ा कियानी के एलबम रंग (2003) का गीत ‘माही’
19
क्या लव स्टोरी है
I miss u every day
KARIENA EID-ALATOUL
20
हैटट्रिक
विकेट बचा
Harry Belafonte -Man smart(Woman smarter)
21
भागमभाग
प्यार का सिग्नल
Superblue’s signal of lara
22
अपना सपना मनीमनी
दिल में बजी गिटार
Miami Band's 'Sheloha shela'
23
गरम मसाला
दिल समन्दर
Kuzu kuzu-tarkan
24
स्पीड
तीखी तीखी
Tarkan's Dudu
25
एक खिलाड़ी एक हसीना
अँखिया ना मार मेरे
Ushar’s yeah
26
भ्रम
जाने क्यूं तन्हा हो गए
मशहूर बंगाली बैण्ड मोहिनेर घोरागुलि के गीत ‘घरे फेरार गान’ से
27
अनकही
एक पल के लिए
ऊपर वाला बंगाली गाना ही खुद ही दूसरी बार कॉपी किया।
28
रकीब
तेरा चेहरा सनम एक रुबाई सी है
Amr diab का allem alby
29
जन्नत
लम्बी जुदाई
आधे बोल रेशमा के गीत लम्बी जुदाई से हैं और संगीत चुराया है
Bronski Beat के 1984 के गाने Smalltown Boy से
30
जन्नत
हाँ तू है
Amar diab का ana ayesh (मैं ज़िन्दा हूं)
31
वो लम्हे
तू जो नहीं है
मोहब्बत की झूठी कहानी पे रोए - मुग़ले आज़म
32
धूम 2
Dhoom Again
Dudu-2 by Tarkan
| [+/-] |
महीने के आखिरी दिनों में |
कभी कभी
महीने के आखिरी दिन
ऐसे लगने लगते हैं
जैसे ज़िन्दगी के आखिरी हों।
इधर उधर
अपशकुन से होते हैं,
दुर्घटनाएं अपना होना
जताने लगती हैं।
पुरानी यादें
लपेट लेती हैं अपने ऊपर
नए कवर,
पहले सपने
फिर नींद के घंटे
घटने लगते हैं बेवज़ह।
कोई कुछ माँगता है
और देना चाहो
तो भी
सामान ख़त्म हुआ मिलता है,
कोई नाराज़ होता है
तो जी नहीं करता
मनाने का भी।
प्रतीक्षाएँ मिटने लगती हैं,
उन दिनों
उदासी भी नहीं रहती
आम ज़िन्दगी वाली।
मन करता है
कि किसी सुनसान से शहर के
इकलौते पेड़ के नीचे
दिन भर लेटे रहो।
किताबें, फ़िल्में
नहीं सुहाती उन दिनों।
अपनी ही आदतें
और शौक
अजनबी से लगने लगते हैं।
मन करता है
कि सामने वाले पीपल के
पोस्ट बॉक्स में
एक खत लिखकर छोड़ जाएँ,
नहीं मालूम
कि किसके नाम!
नहीं पता
कि क्या लिखें!
लेकिन कभी कभी
मार्च के आखिरी दिनों में
सचमुच लगता है
जैसे सब कुछ
ख़त्म होने वाला है अचानक,
ज़िन्दगी जैसा।
तुम्हें नहीं लगता?