प्यार

मेरे होने से बहुत पहले से थी माँ
और मेरे पिता
जो एक किसान थे,
किसान न रह सके।
वे एक पहाड़ पर गए
और दूब बन गए
अर्थात् उन्होंने काटी घास
और सूर्यास्त के समय जब वे लौटते थे,
तो ऐसा कहा जाता है कि
नहीं बजती थी दुदुम्भियाँ
और माँ जो रोटियाँ रचती थी,
उनमें से कोई नहीं थी गोल।

माँ सुंदर और पिता चुप्पे थे,
ऐसा लगता है मुझे।

बहुत दूर जो घड़ियाल बजता था रात में,
उसे भरे पेट नहीं सुना जा सकता।
बहुत दिनों तक नहीं खाई जा सकती उम्मीदें
और उन दिनों,
जब आपातकाल था,
उन दोनों के पास आत्महत्या कर लेने के
अपने अपने ग़ैर राजनैतिक कारण थे।

मैं जब गर्भ में नहीं था,
तब भी उदास थी माँ
और रो पड़ती थी।
पिता नहीं रोए कभी
और अगर मैंने ऐसा कुछ देखा है
तो वो झूठ होगा।

उस समय की हर तस्वीर में
उन दोनों के चेहरे पर एक स्थाई भाव है
जिसे मैं और आप नहीं समझ सकते।

माँ कहीं घूमने नहीं गयी कभी,
पिता ज़रूर गए दो चार शहर
और पूरियां और अचार ले गए।
बहुत दिन तक रहना हुआ बाहर
तो लिख देते थे, ठीक हूँ।

ऐसा नहीं हुआ कभी
कि करवट लेकर लेटी माँ ने पूछा हो,
" प्यार करते हो तुम मुझसे?"
और पिता ने "हाँ" कहा हो
या माँ के होठों को चूम लिया हो।
यह ज़रूरी भी नहीं था।