यूँ हुआ कि आख़िरी बार आसमान
छत हो गया।
मैं जिस जहाज के नीचे दबने से मरा
वह एक बच्चे ने
रो रोकर अपने जन्मदिन पर खरीदवाया था।
जिस लाल रंग की तितली ने
मुझे फूल कहा
वह गले तक ख़ून में डूबकर आई थी,
सुबह बारिश थी और इन्द्रधनुष थे
और मैंने एक कौवे को
मेंढ़क की आँखें निकालकर चबाते हुए देखा।
मैंने चाहा कि मैं सुन्दर लगूं
और धूप में जलते हुए मैं छिला, गोरा हुआ
वे सब रास्ते,
जो स्वर्ग को जाते थे
उन पर लिखा था 'डाइवरजन अहेड'
पहली बार मैंने जब कहा प्रेम
तो मितली सी आ गई, मैंने खाई गोलियाँ
बहुत उत्साह के दिनों में
बहुत भूखा रहा मेरा एक दोस्त और फिर पढ़ाने लगा
शहर के जिस हिस्से में
मैं अमर हुआ
वहाँ बहुत से वादे करने के बाद
मैंने एक प्यारी लड़की से संभोग किया था।
आप क्या कहना चाहेंगे? (Click here if you are not on Facebook)
जो दिल में आए, कहें।
Post a Comment