इतना निहत्था कि डर नहीं

हमारे हाथों में काँपते हुए चौबारे
फव्वारों में जमा होती उदासी
पूछना पानी तो बताना पागलपन
लौटकर आती हुई पुरानी तस्वीरों में
हँसी इतनी बरकरार
कि झूठी

नई दीवार पर बैठकर पुराना गिरना
पुराने जोश में माँगना नए कर्ज़
बीच में होना अपमानित
और भाषण देना

नदी हुई जाती हैं घटनाएँ
जिनमें हम बाढ़ होने से बचते हुए
जूते उतारकर हाथ में लिए हुए
भूखे और भिखारी
अपने किस्से तलाश रहे हैं, अपना जन्म और अपने खिलौने

सुख की एक कहानी को भूलकर
मैं काँच में गिरता हूं
ढूँढ़ता हूं अपनी आँखें, तुम्हारे जेवर
बंद हो रोशनी तो देख पाऊँ

नए शहर की रेलगाड़ियाँ
सौतेली माँओं जैसी लगती हैं
और मुझे सपने में भी याद है
कि सब्जियाँ खरीदनी हैं
हाँफना नहीं है लौटते हुए
बचाए रखनी है फ़ोन की एक साँस बैटरी
और थोड़ा आत्मसम्मान

हमें हाथ पकड़कर चलना है
खोना है मेलों में
और ढूँढ़ते रहना है घर
जिस पाँच बार बेचा जा चुका,
पिता हुए अमीर और मोटे, माँ जवान

इतना सूखा कि छींटे माथे तक
इतने लोग कि सब लाचार
इतने पिता कि अनाथ सब
इतना प्यार कि ध्वस्त हुईं सब खुशबुएँ, बचपना और चाँद

इतना निहत्था कि डर नहीं